भाटापारा,क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र दिव्यांशु यादव का संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी के माध्यम से असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयन होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दिव्यांशु यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिंधु पब्लिक स्कूल, भाटापारा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अंबुजा विद्यालय से कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद से बीएससी की पढ़ाई पूरी की तथा इसके बाद भूगोल विषय में एमएससी जियोग्राफी की डिग्री हासिल की। शिक्षा के दौरान उन्होंने निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन को अपना लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ते हुए यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
दिव्यांशु यादव के पिता शिवलाल यादव पूर्व प्राचार्य हैं, जबकि उनकी माता यादव प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षित परिवार के मार्गदर्शन और अपने परिश्रम के बल पर दिव्यांशु ने यह उपलब्धि हासिल कर परिवार सहित पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनके चयन की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने कहा कि दिव्यांशु की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयन से उनके परिवार, विद्यालय एवं शुभचिंतकों में विशेष उत्साह है।








