बिलासपुर/सीपत (कमलकांत पाटनवार):- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, सीपत मंडल द्वारा आज 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में 108 फीट लंबा विशाल तिरंगा प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आज 13 अगस्त गुरुवार को दोपहर 12 बजे नवाडीह पेट्रोल पंप से होगा। यात्रा देशभक्ति के जज्बे के साथ नवाडीह चौक से होते हुए सीपत बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा। विशाल तिरंगे के साथ निकलने वाली यह यात्रा क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी। भाजयुमो सीपत मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस यात्रा में युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों की सहभागिता रहेगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर तिरंगा यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।














