छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार दिनों तक क्षेत्र में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 12 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे तक उसी क्षेत्र में बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।

अगले 12 घंटों के दौरान इसके और स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके अवदाब में बदलने तथा अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश तटों की ओर जाने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार दिनों तक इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।

Hot Topics

Related Articles