जियाउल खान | लखनपुर/सरगुजा,उदयपुर/केदमा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल गुरुवार को विकासखंड उदयपुर अंतर्गत ग्राम केदमा पहुंचे, जहां उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए बनने वाले महतारी सदन का विधिवत भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
महतारी सदन का उपयोग स्व-सहायता समूहों की बैठक, प्रशिक्षण, महिला जागरूकता अभियान, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों तथा सामुदायिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को संगठित होकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जनपद सदस्य नागेश्वरी पैकरा, सरपंच कृतिका सिंह, भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, मंत्री प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महतारी सदन महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों के लिए स्थायी मंच उपलब्ध कराएगा।








