राजकुमार अग्रवाल,सांकरा। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सांकरा द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक कन्या शाला सांकरा में एक विशेष अंगदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी के माध्यम से समाज में अंगदान के प्रति अलख जगाना है।
कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष शुभम सिंघल ने स्कूली बच्चों को अंगदान के महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, *”मैं अकेले हर जगह नहीं पहुंच सकता, इसलिए आप सभी को इस अभियान का दूत बनना है।”* कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को जागरूकता पोस्टर भी बांटे गए।
चूंकि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, इसलिए उन्हें विशेष रूप से जागरूक किया गया। बच्चे अब अपने-अपने गांवों और घरों में जाकर अपने माता-पिता, परिवारजन और ग्रामीणों को अंगदान के महादान के बारे में बताएंगे। इस अनूठी पहल से ग्रामीण इलाकों में अंगदान के प्रति बड़ी जागरूकता आने की उम्मीद है। कार्यक्रम में शाला के शिक्षकगण और मंच के सदस्य उपस्थित रहे।








