`हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ` अभियान के तहत बुधवार को लोरमी नगर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री `श्री साव` ने किया।
मानस मंच से प्रारंभ हुई यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों सहित हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। `भारत माता की जय` और `वंदे मातरम` के नारों से नगर गूंज उठा। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और नागरिकों को 15 अगस्त पर घरों में तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
11 दिव्यांगों को वितरित की गई तिपहिया स्कूटी
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में 11 दिव्यांग हितग्राहियों को आवागमन हेतु `पेट्रोल चलित तिपहिया स्कूटी` प्रदान की गई। उप मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि स्कूटी से दिव्यांगों को स्वावलंबन मिलेगा और वे जिले के विकास में योगदान दे सकेंगे। इस अवसर पर वन विभाग को `स्नेक कैचर` भी भेंट किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कही ये बात
उप मुख्यमंत्री `श्री साव` ने कहा कि `हर घर तिरंगा` अभियान राष्ट्र के प्रति निष्ठा, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होगी। उन्होंने 15 अगस्त को घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की।
तिरंगा यात्रा में कलेक्टर `कुन्दन कुमार`, एसपी `भोजराम पटेल`, वनमंडलाधिकारी `अभिनव कुमार`, जिला पंचायत सीईओ `गोकुल रावटे`, लोरमी एसडीएम `अजीत पुजारी` सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।








