बलौदाबाजार, युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। सकारात्मक सोच और सही दिशा के साथ इस ऊर्जा का उपयोग किया जाए तो युवा न केवल अपने जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जीवन की कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करते हुए लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। यह बात वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में आयोजित युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता कार्यशाला में कही।
उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ द्वारा ‘नशामुक्त विकसित भारत, नशामुक्त सशक्त युवा’ तथा संत रविदास जयंती के अवसर पर कार्यशाला आयोजित की गई। वित्त मंत्री चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल मौजूद रहे।
चुनौतियों से संघर्ष करने की क्षमता बनाती है मजबूत: चौधरी ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे अनेक युवा हुए हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं। आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस और भगत सिंह जैसे व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कठिनाइयां सफलता की राह में बाधा जरूर बनती हैं, लेकिन उनसे संघर्ष करने की क्षमता व्यक्ति को मजबूत बनाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क पर गड्ढे होने से हम रास्ता छोड़ नहीं देते, बल्कि उन्हें पार कर आगे बढ़ते हैं। इसी तरह जीवन की चुनौतियों को पार करते हुए लक्ष्य तक पहुंचना चाहिए। वित्त मंत्री ने युवाओं से अपने भीतर कुछ कर गुजरने का जुनून पैदा करने और जरूरत पड़ने पर जोखिम उठाने की क्षमता विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 20 होने जा रही है। नर्सिंग कॉलेजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। वर्तमान दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार 200 युवाओं को यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग की सुविधा दे रही है। विभिन्न विभागों में रिक्त सरकारी पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को राष्ट्र के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल आलोचना करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सामूहिक प्रयास जरूरी है। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं को नशे से दूर रखकर ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।








