अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे गहराई में बहे, तलाश में जुटी पुलिस और SDRF

बिलासपुर : दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चों के गहरे पानी में बह जाने की सूचना मिली। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और परिजनों ने भी बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में SDRF की टीम को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गए, जहां पानी गहरा होने के साथ गड्ढा भी था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पानी में लापता हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी नदी किनारे पहुंच गए। सिटी कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू कराई।

बाद में SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद नदी में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस और बचाव दल दोनों बच्चों को तलाशने में जुटे हुए हैं।

गोताखोरों के पहुंचने में देरी पर नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में बच्चों की तलाश को लेकर बेचैनी देखी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद गोताखोरों के पहुंचने में देरी हुई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोर नहीं पहुंच पाए थे, जिसे लेकर परिजनों और मोहल्लेवासियों में नाराजगी देखी गई। हालांकि, बच्चों की तलाश के लिए अब पुलिस और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

फिलहाल दोनों बच्चों का पता नहीं चल पाया है। नदी के संभावित गहरे हिस्सों और आसपास के स्थानों पर तलाश जारी है।

Hot Topics

Related Articles