बलौदाबाजार। पलारी नगर में शुक्रवार रात गणेश विसर्जन के अवसर पर भव्य झांकी निकाली गई। तेज बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। करीब 10 घंटे तक चली झांकी में नगर के सभी वार्डों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

नगर के विभिन्न वार्डों से भगवान गणेश की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजे वाहनों में विराजित कर झांकी निकाली गई। डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर युवा, युवतियां, महिलाएं और बच्चे नाचते-गाते चलते रहे। हर मोहल्ले की अपनी झांकी रही, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झांकी ने नगर में करीब 10 किलोमीटर का भ्रमण किया।
मराठी वेशभूषा में युवतियों ने दी बप्पा को विदाई

गणेश विसर्जन झांकी में मराठी पारंपरिक वेशभूषा में युवतियों द्वारा किया गया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवतियों ने नृत्य करते हुए भगवान गणेश को विदाई दी। बारिश के बीच भी श्रद्धालु देर रात तक उत्साह के साथ झांकी में शामिल रहे।
प्रमुख चौक-चौराहों से होकर निकली झांकी

शांति नगर गणेश समिति की झांकी जोरदार ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई। यह गांधी चौक, शीतला चौक, बाजार चौक, इंदिरा चौक, वार्ड क्रमांक 13, बघेल कॉलोनी, आजाद चौक, सतनामी मोहल्ला, महामाया चौक, स्टेडियम पारा, डबरी पारा, डॉ. आनंद अस्पताल और थाना गली सहित नगर के विभिन्न वार्डों से होकर दशहरा मैदान पहुंची।
इसके बाद दशहरा मैदान से विसर्जन झांकी शुरू हुई। यह बलौदाबाजार मार्ग, रायपुर मार्ग, बाजार रोड, गांधी चौक और शीतला चौक होते हुए चमरी तालाब पहुंची। यहां दोपहर करीब 3 बजे भगवान गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
झांकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मार्ग में जगह-जगह लोग अपने घरों से बाहर निकलकर भगवान गणेश के दर्शन करते नजर आए। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने पुलिस स्टाफ के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच पलारी नगर में गणेशोत्सव का समापन भक्तिमय माहौल में हुआ।








