अर्जुनी ,बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अर्जुनी में पुलिस और ईआईपीआर (EIPR) इंडिया की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए टाटा मोटर्स के नाम पर बेचे जा रहे डुप्लीकेट डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (DEF/यूरिया, एक तरह का लिक्विड)के एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त शिकायत के आधार पर ग्राम अर्जुनी स्थित जय जगन्नाथ यूरिया एवं ग्रीसिंग सेंटर में ऑटोमोबाइल ब्रांड टाटा मोटर्स के नाम पर नकली DEF यूरिया बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद, पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर थाना प्रभारी हेमंत पटेल और उपनिरीक्षक मनीष कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी।
दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को मौके से टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (20 लीटर सीलबंद) की 149 बाल्टी बरामद हुई जिसकी कीमत लगभग 4,30,500/- है। पूछताछ में दुकान का संचालन कर रहे आरोपी दिनेश रजक (20), निवासी बलौदाबाजार ने स्वीकार किया कि वह यह सेंटर किराये पर लेकर चला रहा था। जब पुलिस ने उससे इन उत्पादों के भंडारण, खरीद-बिक्री या लाइसेंस के वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने आरोपी दिनेश रजक के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम (संशोधित 1957) की धारा 63, 65, ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 104 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 347, 349 और 350(2) के तहत अपराध दर्ज (FIR No. 0451/2026) कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड के नकली अथवा संदिग्ध उत्पादों की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। यह तरह का लिक्विड है। इसका उपयोग आधुनिक डीजल (जैसे BS6) वाहनों में Selective Catalytic Reduction (SCR) तकनीक के जरिए हानिकारक नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) गैसों को हानिरहित नाइट्रोजन और पानी को भाप में बदलने के लिए किया जाता है। यूरिया और शुद्ध पानी का एक रासायनिक घोल है।














