रायपुर /भाटापारा छत्तीसगढ़ के धान उत्पादन को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में चावल आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विकास का विषय प्रमुखता से उठाया।
भाटापारा के पोहा उद्योग का उल्लेख उन्होंने विशेष रूप से भाटापारा के पोहा उद्योग का उल्लेख किया। भाटापारा का पोहा अपनी गुणवत्ता और पहचान के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचता है। यदि इसी क्षमता को आधुनिक तकनीक, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग से जोड़ा जाए, तो भाटापारा को राइस हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पोहा, मुरमुरा, राइस-बेस्ड स्नैक्स, रेडी-टू-ईट उत्पाद, राइस फ्लोर तथा अन्य चावल आधारित आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किए जाने की व्यापक संभावनाएं हैं।














