छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा पूरा तट — सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन, 36 घंटे के निर्जला व्रत रखे गए
संदीप यादव मुंगेली। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर मुंगेली की आगर नदी के तट पर रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और समाज के कल्याण की कामना की। नदी तट पर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से पूरा परिसर गूंज उठा।


चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। पहले दिन व्रतियों ने स्नान करके शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण किया। दूसरे दिन खरना का विधि-विधान से पालन किया गया, जिसमें व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और प्रसाद ग्रहण किया। खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ।

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे सूप और दउरा के साथ आगर नदी पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के सदस्य और श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नदी किनारे दीपों की रोशनी, फूलों की सजावट और लोकगीतों की गूंज ने पूरे वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।

छठ पूजा का अंतिम और चौथा दिन सोमवार को होगा। सुबह व्रती नदी तट पर पहुंचकर उगते सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा और व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे।
छठ महापर्व सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता जताने का पर्व भी है। यह पर्व स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन, त्याग और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। आगर नदी के तट पर उमड़ी श्रद्धा और आस्था ने एक बार फिर मुंगेली में छठ महापर्व की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता को दिखा दिया।












