भाटापारा। गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे अंतरजिला आरोपी को भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पहले ही 6.154 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई इनोवा क्रिस्टा कार जब्त की जा चुकी है। जब्त गांजे की कीमत करीब 61 हजार 540 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनोवा क्रिस्टा कार क्रमांक CG 04 LV 2454 में गांजा भरकर अर्जुनी से खोखली होते हुए हथबंद की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम खोखली के पास घेराबंदी कर नाकेबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध कार चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और वाहन तेजी से मोड़कर भागने लगा। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सीट के पीछे सेलो टेप से लिपटे तीन पैकेटों में 6.154 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले में पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त कर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान वाहन के दस्तावेजों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान योगेश कुमार उर्फ गोलू (28 वर्ष), निवासी वैशाली नगर, दीनदयाल कॉलोनी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि आरोपी गांजा लेने ओडिशा गया था और वापसी के दौरान पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद से भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार तकनीकी विश्लेषण और पतासाजी में जुटी थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को फरार आरोपी योगेश कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसपी के निर्देशन में जारी है अभियान
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध गांजा, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












