सरगुजा में कबरा हाथी का बढ़ता आतंक: महिलाओं पर हमले के बाद 14 स्कूलों में अवकाश, प्रशासन सतर्क

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे आक्रामक ‘कबरा हाथी’ ने एक बार फिर आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। दिवाली की छुट्टियों के बाद विद्यालयों में पढ़ाई का सिलसिला शुरू होते ही हाथी की बढ़ती सक्रियता और हमलों को देखते हुए जिला प्रशासन को कड़े सुरक्षा कदम उठाने पड़े हैं। इसी क्रम में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र अंतर्गत सायर, कुदर बसवार सहित आसपास के करीब 14 विद्यालयों में शुक्रवार, 13 नवंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया।

उदयपुर क्षेत्र में हमले से दहशत का माहौल

पिछले करीब छह महीनों से सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना यह हाथी अब सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी और सायर के जंगलों में पहुंच गया है। हाल ही में सूरजपुर के उमेश्वरपुर में एक महिला को कुचलने के बाद हाथी ने उदयपुर क्षेत्र में भी कहर बरपाया, जहां उसके हमले में एक महिला की मौत हो गई। वहीं, झिरमिटी में खेत में धान की कटाई कर रही 45 वर्षीय वर्षा ठाकुर नामक महिला हाथी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका पैर टूट गया है और उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपने झुंड से अलग होकर विचरण कर रहे इस हाथी की लगातार बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति के कारण ग्रामीणों में भारी दहशत है।

वन विभाग की निगरानी और रेडियो कॉलर की तैयारी

हाथी की आबादी वाले इलाकों में मौजूदगी ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति पैदा कर दी है, जिसके चलते इलाके के कई संवेदनशील रास्तों पर आवाजाही भी रोकी गई है। वन विभाग और पुलिस की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराकर लोगों से जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील कर रही हैं। इसके साथ ही वन विभाग ड्रोन कैमरों के जरिए हाथी की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है और विशेषज्ञों व कुमकी हाथियों की मदद से उसे ट्रैंकुलाइज कर गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी कर रहा है, ताकि उसकी लाइव लोकेशन ट्रैक कर समय रहते ग्रामीणों को सचेत किया जा सके।

Hot Topics

Related Articles