महासमुंद। छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर और सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार, 14 नवंबर की सुबह महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 (NH-353) पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर की ओर से मरीज का इलाज कराकर ओडिशा जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस (क्रमांक CG 04 NH 7746) देवाशीष स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग किसी अस्पताल से मरीज का इलाज करवाने के बाद वापस ओडिशा के नयापारा (नुआपाड़ा) की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बागबाहरा में देवाशीष स्कूल के समीप एंबुलेंस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
क्षतिग्रस्त एंबुलेंस के भीतर लोग बुरी तरह फंसे हुए थे और मौके पर चीख-पुकार मची हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बागबाहरा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस भीषण टक्कर में एंबुलेंस सवार दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है। दूसरी ओर, पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल बागबाहरा पुलिस मृतकों और घायलों की विस्तृत शिनाख्त करने, उनके परिजनों को सूचित करने और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने वाले भारी वाहनों को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।












