धमतरी। सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करना दो युवकों को भारी पड़ गया। धमतरी पुलिस ने उप जेल परिसर के सामने सार्वजनिक रूप से रील बनाने वाले दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर की। पुलिस का कहना है कि जेल, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।। पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जिला जेल/उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के पास दो युवक मोबाइल से वीडियो और रील बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को उप जेल परिसर की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में समझाइश दी। उन्हें वहां रील या वीडियो बनाने से मना किया गया।। पुलिस के अनुसार, समझाइश देने के बाद भी दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर रील बनाते रहे। उनके इस कृत्य से जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दो युवकों को किया गया गिरफ्तार धमतरी पुलिस ने जिन युवकों पर कार्रवाई की है, उनकी पहचान शेख आसिफ, पिता शेख अजीम, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी।














