
छत्तीसगढ़ की संजू देवी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं, स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को किया गौरवान्वित
बलौदा बाजार भाटापारा,एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल की। भारतीय महिला कबड्डी टीम का यह एशियन गेम्स में चौथा स्वर्ण पदक है। इस ऐतिहासिक मुकाबले के दौरान छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की संजू देवी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनके टीम में शामिल होने और भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा है। संजू देवी की इस उपलब्धि को प्रदेश के खेल जगत के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
मैच के बाद डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से संजू देवी की फोन पर बातचीत कराई। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने संजू देवी और भारतीय महिला कबड्डी टीम को ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस सफलता ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत की प्रतिभा और क्षमता को प्रदर्शित किया है। वहीं, संजू देवी के योगदान ने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को भी प्रेरित किया है और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई ऊर्जा प्रदान की है।








