ऑपरेशन प्रहार में 22 गिरफ्तार, 206 पाव देशी और 63 लीटर महुआ शराब जब्त

बलौदाबाजार। जिले में अवैध शराब कारोबार, सट्टेबाजी और फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत शुक्रवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अवैध शराब बेचने और महुआ शराब बनाने वाले 14 आरोपी, दो सटोरिए, चार स्थायी वारंटी, एक फरार आरोपी और एक जिलाबदर आरोपी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की तैयारी सोमवार से ही शुरू कर दी गई थी। पुलिस टीमों ने सोमवार से गुरुवार तक संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों, उनके ठिकानों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। इसके बाद शुक्रवार तड़के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की टीमों ने एक साथ दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

33 हजार से अधिक की शराब जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33,695 रुपए कीमत की 206 पाव देशी मसाला शराब और 63 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की। वहीं, सट्टा लिखने वाले दो आरोपियों के पास से सट्टा पट्टी और 1,720 रुपए नकद बरामद किए गए।

पुलिस की इस सुनियोजित कार्रवाई से जिले में अवैध शराब बिक्री, सट्टेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित मामलों में कार्रवाई की है।

Hot Topics

Related Articles