बालोद। जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कंगलामांझी कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार दो लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ट्रक चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ। जानकारी के मुताबिक ट्रक क्रमांक CG 05 AG 6422 आयरन ओर लेकर डौंडी क्षेत्र से गीधाली माइंस की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंगलामांझी कॉलेज के पास ट्रक चालक आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सड़क किनारे खेत से मवेशियों को बाहर निकाल रही बुजुर्ग महिला ट्रक की चपेट में आ गई।मृतका की पहचान औराटोला निवासी दुलारा बाई भैसारा (60 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार भी हादसे की चपेट में आ गई। कार क्रमांक CG 24 S 4966 के चालक ने ट्रक को अनियंत्रित हालत में देखकर वाहन को किनारे करने की कोशिश की, लेकिन ट्रक की टक्कर से कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जबकि ट्रक भी पलट गया।हादसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था या नहीं। हादसे के समय ट्रक की गति कितनी थी और ओवरटेक करते समय चालक से किस तरह की लापरवाही हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।














