राजकुमार अग्रवाल
महासमुंद। तुमगांव (खेरझिटी, कौवाझर) क्षेत्र स्थित करनी कृपा पावर प्लांट में औद्योगिक हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 24 नवंबर 2026 को भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म डस्ट गिरने से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मजदूरों के 35 से 75 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*हादसों का सिलसिला, मौतों का भी दावा*
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सितंबर 2024 में हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई थी। इसके बाद जनवरी 2025 में मिक्सर मशीन से दबकर एक नाबालिग श्रमिक की जान गई। मार्च 2025 में बॉयलर/गर्म पानी से जुड़े हादसे में तीन लोग झुलसने की बात सामने आई थी। अब नवंबर 2026 में फिर पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्लांट में अब तक हुए हादसों में कुल चार श्रमिकों की मौते हुई है। इन घटनाओं के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल और विरोध भी उठते रहे हैं।
*नोटिस और कार्रवाई के बाद भी हादसे क्यों?*
सितंबर 2024 की घटना के बाद समय पर जानकारी नहीं देने के मामले में जिला प्रशासन द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित विभागों से जवाब तलब करने जैसी कार्रवाई का उल्लेख है। मार्च 2025 के हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण किया था और सुरक्षा उपायों को लेकर निर्देश दिए थे। ठेकेदार के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत निरीक्षण और नोटिस की कार्रवाई भी हुई थी।
इसके बावजूद फिर हादसा होना इस बात की जांच की जरूरत बताता है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन हुआ या नहीं और सुरक्षा व्यवस्था में वास्तव में सुधार किया गया था या नहीं।
*सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी?*
औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा केवल कागजी निरीक्षण या नोटिस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बार-बार हादसों की जानकारी सामने आने के बाद प्लांट प्रबंधन के साथ संबंधित विभागों की जवाबदेही भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
अब मांग उठ रही है कि पिछले हादसों की फाइलों, निरीक्षण रिपोर्टों, जारी नोटिसों और वर्तमान घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यह भी स्पष्ट किया जाए कि पहले दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन हुआ या नहीं और मजदूरों को जोखिमपूर्ण काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध थी या नहीं।
*लगातार हादसे, पूर्व में हुई मौतें और फिर पांच मजदूरों का झुलसना—करनी कृपा प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच की जरूरत को रेखांकित करता है।*













