कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को पलारी विकासखंड के आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया

पलारी/अमेरा ,कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को पलारी विकासखंड के आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र अमेरा में बच्चों की कम उपस्थिति देखकर कलेक्टर नाराज हुए। केंद्र में उपस्थित बच्चों की संख्या और ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति में बड़ा अंतर मिलने पर उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। परिसर में कचरे का ढेर और भवन की खराब स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

 

गौरतलब है कि अमेरा आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिलती रही हैं। विभागीय अधिकारी भी इस केंद्र की व्यवस्था सुधारने में थक चुके हैं। ऐसे में कलेक्टर के औचक दौरे से उम्मीद जताई जा रही है कि शायद अब व्यवस्था में सुधार हो सके। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या और जमीनी हकीकत में जमीन-आसमान का अंतर है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के नाम भी आंगनबाड़ी में दर्ज हैं। भोजन के लिए इन बच्चों की उपस्थिति आंगनबाड़ी और स्कूल दोनों जगह एक साथ दर्ज की जाती है। कागजों में दर्जनों बच्चे दिखाए जाते हैं, जबकि वास्तविकता इससे कोसों दूर है। कई बार बच्चों को खाना खिलाकर फोटो खिंचवाने के लिए घर से बुलाया जाता है। इसी कारण ऑनलाइन उपस्थिति और वास्तविक उपस्थिति में बड़ा अंतर सामने आता है। बता दे कि उक्त कार्यकर्ता को पहले भी दो नोटिस जारी हो चुका ।

 

कलेक्टर श्री शर्मा ने कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या, कुपोषित बच्चों की संख्या, पौष्टिक लड्डू वितरण और एनआरसी में भर्ती की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कुपोषित बच्चों को लड्डू अवश्य खिलाएं और गृह भेंट कर अभिभावकों को बच्चों की सेहत व पोषण की जानकारी दें। उन्होंने केंद्र में रखे पौष्टिक लड्डू का स्वयं टेस्ट किया और उपस्थित बच्चों को वितरित किए। साथ ही बाउंड्रीवाल ठीक कराने और साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र कोसमंदी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से कविता सुनाई और उन्हें चॉकलेट दी। उन्होंने कार्यकर्ता और सहायिका को अधिक से अधिक बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, ऑनलाइन एप पर सही संख्या दर्ज करने और गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम दीपक निकुंज, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, डीपीओ अतुल परिहार, तहसीलदार लीलाधर कंवर, नायब तहसीलदार ईश्वर केवट, सीईओ राहुल देव, एसडीओ आरईएस गुलशन गायकवाड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोसमंदी एवं अमेरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन ओपीडी संख्या, प्रतिमाह डिलीवरी और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। सभी कक्षों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगों को बेहतर सुविधा और इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।

 

Hot Topics

Related Articles