कलेक्टर जनदर्शन में गूंजी आम जनता की आवाज, आवास, शौचालय और स्ट्रीट लाइट की मांग पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

संदीप यादव मुंगेली, जिला कलेक्ट्रेट में आज सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिले के कोने-कोने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग अपनी फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा सेतु है। लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं को यहीं सुनकर उनका समाधान करना हमारा दायित्व है। इसमें संवेदनशीलता और तेजी दोनों होनी चाहिए।

किसने क्या मांग रखी ?

जनदर्शन में कई तरह के आवेदन आए। ग्राम बिरगांव के निवासी अवधेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका नाम सूची में होने के बावजूद अब तक आवास नहीं मिला है।

इसी तरह ग्राम सिल्ली के रामेश्वर बंजारे ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि शौचालय नहीं होने से परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं मुंगेली के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड के वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से पहुंचकर वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि अंधेरा होने से रात में आवागमन में परेशानी होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

कलेक्टर ने सभी आवेदकों से उनकी समस्याओं से जुड़ी जरूरी जानकारी ली और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जहां विभागीय स्तर पर कार्रवाई होनी है, वहां अनावश्यक देरी न की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को केवल फाइल में न रखकर, उनका फॉलोअप कर निराकरण की स्थिति से आवेदकों को अवगत भी कराया जाए।

इस दौरान अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles