कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने ली समय-सीमा की बैठक, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और धान खरीदी की तैयारी समय पर पूरी करने के दिए निर्देश

संदीप यादव मुंगेली,कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कोई भी प्रकरण लंबित न रहें और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

सुशासन तिहार के आवेदन और पेंशन प्रकरण प्राथमिकता में

कलेक्टर ने सबसे पहले सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण शासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी। आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। बैठक में पेंशन से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई और पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तुरंत निपटाने को कहा गया।

धान खरीदी को लेकर सख्त निर्देश

आगामी धान खरीदी सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने बारदाना की उपलब्धता, भंडारण, परिवहन, खरीदी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी, शेड, तौल कांटा और किसानों के बैठने की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए, सभी व्यवस्था पहले से दुरुस्त रखें।

PM किसान और जाति प्रमाण पत्र

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा में कलेक्टर ने बैंक खातों में आधार सीडिंग की स्थिति पूछी और अभियान चलाकर शेष किसानों की सीडिंग पूरी करने को कहा, ताकि किस्त रुकने की नौबत न आए। साथ ही जाति प्रमाण पत्र और अपार आईडी बनाने की प्रगति देखी और इसके लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना और हर घर जल प्रमाणीकरण की भी समीक्षा की गई।

खराब सड़कों की मरम्मत और सीएम हेल्पलाइन

जिले की सड़कों की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन में जनता को दिक्कत न हो और काम में गुणवत्ता और समय दोनों का ध्यान रखा जाए। सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने पोर्टल पर समय-सीमा में कार्रवाई दर्ज करने को कहा।

01 और 02 अक्टूबर को चलेगा स्वच्छता अभियान

कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 01 अक्टूबर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम और 02 अक्टूबर को पुराना बस स्टैंड में जनभागीदारी से सफाई अभियान होगा। उन्होंने सभी विभागों, नगर पालिकाओं और जनपद पंचायतों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक दिन का काम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली आदत बननी चाहिए। अभियान में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाएं, महिला समूह और युवा सभी की सहभागिता रहेगी।

बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles