कवर्धा में नाली निर्माण के लिए खुदाई के दौरान मिला नर कंकाल, इलाके में फैला हड़कंप

कबीरधाम। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंडरिया क्षेत्र के किशुनगढ़ गांव में विकास कार्य के दौरान एक मानव नर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। नाली निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान झाड़ियों के बीच अचानक मानव खोपड़ी दिखाई देने से काम कर रहे मजदूरों के होश उड़ गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

मजदूरों को झाड़ियों में दिखी खोपड़ी

जानकारी के मुताबिक, किशुनगढ़ गांव में वीबी जी राम जी के तहत नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई और सफाई करते समय वहां काम में लगे मजदूरों की नजर अचानक झाड़ियों के बीच पड़ी, जहां एक मानव खोपड़ी रखी हुई थी। ध्यान से देखने पर वहां नर कंकाल होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मजदूरों ने तुरंत काम रोककर इसकी सूचना ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन को दी।

घटनास्थल से चप्पल और थैला बरामद

नर कंकाल मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां पर यह कंकाल मिला है, उसके ठीक आसपास पुलिस को कुछ अन्य सामग्रियां भी हाथ लगी हैं। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने वहां से पॉलिथीन, एक थैला, चप्पल और कुछ अन्य पुराना सामान बरामद किया है। इन सामानों को देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह अवशेष किसी राहगीर या स्थानीय व्यक्ति का हो सकता है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

नाली निर्माण स्थल पर कंकाल मिलने की अधिकारिक सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सील कर बारीकी से निरीक्षण किया और सभी साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है। पंडरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह मौत सामान्य थी, कोई दुर्घटना थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ी आपराधिक साजिश (हत्या) छिपी है। इसके लिए पुलिस आसपास के थानों से पिछले कुछ समय में गुमशुदा हुए लोगों की सूची भी खंगाल रही है।

Hot Topics

Related Articles