रायपुर।छत्तीसगढ़ राज्य इस साल अपना 26वां स्थापना दिवस बेहद खास और भव्य तरीके से मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर के तूता मैदान में 1 से 3 नवंबर तक राज्य स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में पूरे राज्य की कला, संस्कृति और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष के आयोजन को लेकर प्रशासन और संस्कृति विभाग द्वारा तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ थीम पर केंद्रित रहेगा उत्सव
इस बार के छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के लिए ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ थीम तय की गई है। इस थीम के जरिए राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के विकास व उनकी आकांक्षाओं को एक नई दिशा देने का संदेश देगी। आयोजन स्थल पर बनने वाले विकास प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों में भी इसी थीम के आधार पर राज्य की प्रगति और भावी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे उद्घाटन, अमित शाह संभालेंगे समापन की कमान
राज्योत्सव के मुख्य समारोहों में देश की बड़ी राजनीतिक हस्तियां शामिल होने जा रही हैं। कार्यक्रम के पहले दिन यानी 1 नवंबर को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल होंगे। वहीं, 3 नवंबर को होने वाले समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले साल राज्य के 25वें स्थापना दिवस (रजत जयंती) समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की थी।
पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य बिखेरेंगे सांस्कृतिक सुर
तीन दिवसीय इस उत्सव में दर्शकों के मनोरंजन के लिए हर शाम राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम के पहले दिन 1 नवंबर को सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छाल अपने सुरों का जादू बिखेरेंगी। दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगी। उत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को दिग्गज पाशर्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गानों से पूरा तूता मैदान गूंज उठेगा। इन राष्ट्रीय कलाकारों के अलावा राज्य के स्थानीय और आदिवासी कलाकारों को भी छत्तीसगढ़िया लोक कला का प्रदर्शन करने के लिए बड़ा मंच मिलेगा।







