- निर्वाचन गोदाम से 10 मतपेटियां गायब होने से मचा हड़कंप
दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी हो गईं। यह घटना 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11 बजे की है, जब ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय परिसर में बने गोदाम से एक अज्ञात व्यक्ति को पेटी ले जाते हुए देखा गया। चुनाव संबंधी तैयारियों में जुटे राजू सारथी को जब चौकीदार ने इसकी सूचना दी, तब तक संदेही वहां से भाग चुका था। जांच करने पर गोदाम से करीब 10 हजार रुपये मूल्य की 10 मतपेटियां गायब मिलीं, जिसके बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पत्र के आधार पर सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस और मुख्य आरोपी को दबोचा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) और 305(e) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मिलपारा निवासी 22 वर्षीय युशु यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी युवक ने निर्वाचन गोदाम से मतपेटियां चोरी करने की बात कबूल कर ली।
ई-रिक्शा से ढोई गईं मतपेटियां, कबाड़ी को बेचने का हुआ खुलासा
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी युशु यादव ने मतपेटियों को ले जाने के लिए एक ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया था। चोरी करने के बाद उसने इन मतपेटियों को गयानगर स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा (क्रमांक CG 07 CR 0648) को जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से 200 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
कबाड़ी दुकान पर छापा, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
मुख्य आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने गयानगर में संचालित कबाड़ी दुकान पर दबिश दी और दुकान संचालक 65 वर्षीय देवानंद सोनी को हिरासत में लिया। कबाड़ी की दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस ने वहां से चोरी की गईं 6 मतपेटियां बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने मामले में कुल 76 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद चोर और कबाड़ी दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।







