भाटापारा, छत्तीसगढ़ प्रदेश कुनबी समाज महासंगठन की जिला शाखा भाटापारा में जिला महिला मंडल की ओर से सावन उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। गीत-संगीत, नृत्य और झूले के बीच महिलाओं ने सावन उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में स्टेशन वार्ड की पार्षद लक्ष्मी ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। जिस तरह महिलाएं अपने घर-परिवार की देखभाल करती हैं, उसी तरह एक पौधे की भी नियमित देखभाल कर उसे बड़ा किया जा सकता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। जिला महिला मंडल अध्यक्ष मेघा चुटे ने कहा कि सावन उत्सव महिलाओं के लिए आनंद और आपसी मेलजोल का अवसर है। इस आयोजन में बुजुर्ग महिलाओं के साथ युवतियां और छोटे बच्चे भी शामिल हुए। खास बात रही कि पार्षद लक्ष्मी ठाकुर ने किसी एक महिला को ‘सावन क्वीन’ घोषित करने के बजाय कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं को ‘सावन क्वीन’ कहकर सम्मानित किया। इसके बाद महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य का आनंद लेते हुए उत्सव मनाया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रेम बोहरे, महिला कार्यकारी अध्यक्ष रजनी मुनेश्वर, मधु बहेकार, सीमा बोहरे, सत्यभामा वाडी, विमला शिवणकर सहित महिला मंडल की सदस्य मौजूद रहीं। भाटापारा। कुनबी समाज की सावन उत्सव में उपस्थित महिलाएं।














