प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। जिला न्यायालय बलौदाबाजार सहित भाटापारा, सिमगा, कसडोल और राजस्व न्यायालयों में विशेष खंडपीठों का गठन किया गया था। कुल 48,344 प्रकरण रखे गए थे। इनमें से 90% से अधिक मामलों में सुलह हो गई। लोक अदालत में केवल मुकदमे ही खत्म नहीं हुए। सामाजिक और पर्यावरणीय संदेश भी दिया गया। राजीनामा कर घर लौटने वाले पक्षकारों को इस सुखद पल की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से निशुल्क फलदार पौधे बांटे गए। जिला अस्पताल के सहयोग से बलौदाबाजार, सिमगा, भाटापारा और कसडोल कोर्ट परिसर में पहुंचे नागरिकों और पक्षकारों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। जिले में तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा, कसडोल समेत राजस्व कोर्ट में विशेष खंडपीठों का गठन कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान अदालत के सामने कुल 48,344 प्रकरण रखे गए थे। इनमें अदालती, चालान व प्री-लिटिगेशन केस शामिल थे। इनमें से 43,961 प्रकरणों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा कर दिया गया। 4,283 मामलों में राजीनामा या समझौता नहीं हो पाया। संबंधित पक्षों की उपस्थिति भी नहीं रही। सुलह हुए प्रकरणों में 23 पारिवारिक मामले शामिल हैं। प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश संगीता नवीन तिवारी की खंडपीठ के समक्ष मृतक की दो पत्नियों और उनकी संतानों के बीच पिछले चार वर्षों से लंबित संपत्ति बंटवारे का जटिल केस प्रस्तुत हुआ। पीठ की समझाइश के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से बंटवारे पर राजी हो गए। सालों पुरानी रंजिश सौहार्द में बदल गई। कुटुम्ब न्यायालय के पीठासीन अधिकारी राजभान सिंह के समक्ष मंजू सोनी द्वारा पति सूरज सोनी के खिलाफ धारा 144 के तहत भरण-पोषण का मामला चल रहा था। न्यायालय की संवेदनशील पहल पर पति-पत्नी अपनी मासूम बेटी रूही के बेहतर भविष्य को देखते हुए पुराने मनमुटाव भूलकर फिर से दांपत्य जीवन साथ बिताने को सहमत हो गए। 5 साल पुराना चेक बाउंस केस समाप्त: न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रशांत कुमार भास्कर की अदालत में वर्ष 2021 से लंबित बजरंग ट्रेडर्स बनाम सिद्धि कंस्ट्रक्शन का चेक बाउंस मामला दोनों पक्षों की रजामंदी से हमेशा के लिए नस्तीबद्ध (फाइल क्लोज) कर दिया गया।
कोर्ट में 44 हजार मुकदमे एक दिन में आपसी मंजूरी से खत्म
बलौदाबाजार ,जिले में शनिवार को साल की तीसरी नेशनल लोक अदालत लगी। जिला और तहसील न्यायालयों में एक ही दिन में आपसी सहमति और समझाइश से 43,961 लंबित व प्री-लिटिगेशन मुकदमों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा कर दिया गया। सालों से अदालती चक्कर काट रहे हजारों परिवारों को मुकदमों के बोझ से मुक्ति मिली। वे मुस्कुराते हुए घर लौटे।








