खबर का असर रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने पर बड़ी कार्रवाई, पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी निलंबित

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर / पचपेड़ी, 29 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत पदस्थ पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पोर्टलों पर वायरल हुए रिश्वत के वीडियो के मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई शासन की छवि धूमिल होने और शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।

हाल ही में सोशल मीडिया और डिजिटल समाचार पोर्टलों पर पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में उन पर शासकीय राजस्व कार्य के एवज में 25,000 रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के गंभीर आरोप लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और तहसीलदार पचपेड़ी को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए।

तहसीलदार पचपेड़ी द्वारा इस मामले में 28 अक्टूबर 2026 को एक विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार, पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी द्वारा शासकीय राजस्व कार्य करने के लिए रिश्वत मांगने और राशि ग्रहण करने का कृत्य प्रथम दृष्टया पूरी तरह प्रमाणित पाया गया है।

प्रशासन का मानना है कि एक लोक सेवक द्वारा इस प्रकार का आचरण न केवल पदीय दायित्वों के विरुद्ध है, बल्कि इससे आम जनता के बीच शासन और प्रशासन की छवि भी धूमिल हुई है। पटवारी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-03 के स्पष्ट प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन है और इसे ‘गंभीर कदाचरण’ की श्रेणी में रखा गया है।

Hot Topics

Related Articles