खैरागढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: 15 दिन से लापता बुजुर्ग महिला का धान के खेत में मिला कंकाल, तेंदुए के हमले की आशंका से गांव में दहशत

खैरागढ़। जिले के वनांचल ग्राम पाटा गातापार से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पिछले करीब 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल रविवार को उनके ही धान के खेत में बरामद हुआ है। खेत में महिला के अवशेष मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

15 दिनों से जारी थी तलाश, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

परिजनों के मुताबिक, अनुसूईया बाई मंडावी परिवार से अलग रहती थीं और अक्सर अपने रिश्तेदारों के घर आना-जाना करती थीं। करीब 15 दिन पहले वह अचानक लापता हो गईं। शुरुआती दिनों में परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदार के घर गई होंगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं तो उनकी चिंता बढ़ गई। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने दो दिन पहले ही छुईखदान थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जंगल से लेकर खेतों तक चलाया गया था खोजबीन अभियान

महिला की तलाश में परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी काफी मशक्कत की थी। गांव के लोगों ने मिलकर जंगल से लेकर आसपास के गांवों और खेतों तक सघन खोजबीन की। ग्रामीणों के अनुसार लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का कहीं कोई पता नहीं चल सका था। इसी बीच रविवार को जब लोग धान के खेत की ओर गए, तो वहां बुजुर्ग महिला का कंकाल पड़ा देख उनके होश उड़ गए।

तेंदुए के हमले में मौत की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन

ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में महिला की मौत होने की प्रबल आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वनांचल इलाके में पहले भी कई बार तेंदुए की मौजूदगी देखी गई है और आसपास मवेशियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसी वजह से लोगों को संदेह है कि जंगल से भटककर आए तेंदुए ने ही बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। दोनों विभागों के अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं और अवशेषों को कब्जे में लेकर मौत के सटीक कारणों की जांच में जुट गए हैं।

Hot Topics

Related Articles