जियाउल खान, लखनपुर सरगुजा
- किसानों को परेशानी न हो, समिति प्रबंधकों को दिए सख्त निर्देश; रकबा संबंधी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने का दिया भरोसा
लखनपुर। अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अपने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का दौरा कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कांटा-तराजू की पूजा-अर्चना की, धूप-अगरबत्ती जलाकर एवं नारियल फोड़कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। कार्यक्रम में संबंधित समितियों के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। यदि कोई किसान फिलहाल अपने खाते में दर्ज धान में से 10 क्विंटल धान समिति में विक्रय करता है, तो शेष 11 क्विंटल के अंतर की बोनस राशि भी नियमानुसार उसके खाते में अंतरित किए जाने की व्यवस्था के संबंध में किसानों को जानकारी दी गई।
मंत्री ने कहा कि जिन किसानों का धान का रकबा किसी कारणवश घट गया है अथवा राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियां हैं, उनका शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। शासन द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से गिरदावरी कराई गई है तथा किसानों के रिकॉर्ड दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी किसान का वास्तविक हक प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संचालित की जाए। यदि किसी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, तो संबंधित समिति प्रबंधक की जवाबदेही तय की जाएगी।
मंत्री श्री अग्रवाल ने किसानों से अपील की कि वे शासन की धान खरीदी व्यवस्था का लाभ उठाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराएं।
इस दौरान जमगला, निम्हा, कोरजा-बिनकरा, पुहपुटरा, लहपटरा, अंबिकापुर ग्रामीण क्षेत्र के रामपुर एवं लखनपुर क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक श्री कमलभान सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री दिनेश बारी, श्री विवेक सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री दिनेश साहू, श्री सुरेश साहू, श्री यतेन्द्र पांडे, श्री राकेश अग्रवाल, श्री सुरेंद्र साहू, श्री महेश्वर राजवाड़े, श्री सत्यनारायण साहू, श्री अमित अग्रवाल, श्री चेतन राजवाड़े, श्री घरभरन राजवाड़े, श्रीमती रजनी पैकरा, श्री सरजू सिंह, श्री लालजीत पैकरा, श्री संतोष यादव, श्रीमती मति बाई सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समिति प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।












