जियाउल खान,लखनपुर, सरगुजा
- पुहपुटरा स्कूल में नियमित कक्षाएं नहीं लगने और शिक्षकों की मनमानी का आरोप, छात्रा ने प्राचार्य पर टीसी काटने की धमकी देने की कही बात, रास्ते में अधिकारियों ने रोककर सुनी समस्याएं
लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुहपुटरा में कथित बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सोमवार को 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होने, शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने और विषयवार शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थी अपनी शिकायत लेकर करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से मिलने निकल पड़े। विद्यार्थियों के इस कदम से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
पैदल चलते हुए छात्र-छात्राएं कैमरा जनपद कार्यालय के पास पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रास्ते में रोककर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर सभी विद्यार्थियों को वापस विद्यालय भेजा गया।
24 शिक्षकों का स्टाफ, फिर भी पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप
विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय में करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ होने के बावजूद पढ़ाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। हिंदी, कृषि एवं आर्ट्स संकाय में विषयवार शिक्षकों की कमी के कारण बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि कई शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और नियमित रूप से कक्षाएं भी संचालित नहीं होतीं। ऐसे में परीक्षा नजदीक होने के बावजूद उनका पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा है।
प्राचार्य पर टीसी काटने की धमकी देने का आरोप
इस दौरान एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उसने शिक्षकों के समय पर विद्यालय आने की बात उठाई तो प्रभारी प्राचार्य द्वारा टीसी काटने की धमकी दी गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने, स्कूल भवन का निर्माण अधूरा रहने और अब तक शैक्षणिक भ्रमण नहीं कराए जाने की शिकायत भी अधिकारियों से की। उनका कहना था कि शैक्षणिक भ्रमण की मांग करने पर फंड की कमी का हवाला देकर बात टाल दी जाती है।
विद्यालय पहुंची प्रशासनिक टीम, प्रबंधन के साथ हुई बैठक
विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक टीम विद्यालय पहुंची। यहां स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की गई।
बीईओ ने कही निराकरण की बात
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक भ्रमण को लेकर विवाद की स्थिति है। शैक्षणिक भ्रमण के लिए देवगढ़ जाने की अनुमति मिली है, लेकिन विद्यार्थी किसी अन्य स्थान पर जाना चाहते हैं। विद्यालय में बैठक के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा। पढ़ाई और शिक्षकों की कमी से संबंधित शिकायतें सामने आने पर चर्चा कर उनका निराकरण किया जाएगा।
प्रभारी प्राचार्य ने नियमित पढ़ाई होने की कही बात
वहीं प्रभारी प्राचार्य गोकुल प्रसाद जांगड़े ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण को लेकर सोमवार को अंतिम निर्णय होना था। उन्होंने विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई संचालित होने की बात कही।
बोर्ड परीक्षा सिर पर, आखिर कब सुधरेगी पढ़ाई?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विद्यालय में करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ मौजूद है, तो विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं लेकर 8 किलोमीटर पैदल चलकर अधिकारियों तक पहुंचने की नौबत क्यों आई? बोर्ड परीक्षा नजदीक है और ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं तथा विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में कितना सुधार होता है और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।












