गणेश विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर बालोद पुलिस ने 9 डीजे साउंड सिस्टम सहित धारदार कड़े-चूड़े उतरवाकर किए जब्त

शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस की रही सतत निगरानी


बालोद। पुलिस अधीक्षक *श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.)* के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक *श्री चन्द्रकांत गवर्ना* के मार्गदर्शन व उपस्थिति में बालोद पुलिस द्वारा गणेश विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी गई।

मंगलवार रात्रि लगभग 09:00 बजे से प्रारंभ हुई गणेश विसर्जन शोभायात्रा बुधवार प्रातः लगभग 04:00 से 05:00 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न गणेश समितियों द्वारा गणेश प्रतिमाओं एवं झांकियों के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई।

*डीजे साउंड सिस्टम पर कार्रवाई*

शोभायात्रा के दौरान पुलिस टीमों द्वारा डीजे साउंड सिस्टम एवं ध्वनि स्तर की लगातार निगरानी की गई। निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए कुल 09 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए।

जब्त डीजे साउंड सिस्टम के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

 *धारदार कड़े-चूड़े किए गए जब्त*

शोभायात्रा में शामिल युवकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीमों द्वारा जांच की गई। इस दौरान कुछ युवकों के हाथों में धारदार कड़े-चूड़े पाए गए।

पुलिस द्वारा ऐसे धारदार कड़े-चूड़े तत्काल उतरवाकर जब्त किए गए, ताकि भीड़भाड़ वाले वातावरण में किसी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद अथवा चोट की संभावना को रोका जा सके।

 *सुरक्षा व्यवस्था पर रही विशेष निगरानी*

गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान बालोद पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस टीमों द्वारा मार्ग में आने वाले विद्युत तारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों पर विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की सतत मौजूदगी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण गणेश विसर्जन की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुई।

 *बालोद पुलिस की आमजन से अपील*

🔸 धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों एवं ध्वनि मानकों का पालन करें।

🔸 डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करें।

🔸 शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की धारदार वस्तु साथ न रखें।

🔸 भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम एवं अनुशासन बनाए रखें।

🔸 विद्युत तारों एवं अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों से दूरी बनाए रखें।

🔸 पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

🔸 किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

बालोद पुलिस धार्मिक आयोजनों की गरिमा एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत प्रतिबद्ध है।

 *बालोद पुलिस* — सुरक्षित आयोजन, शांतिपूर्ण वातावरण एवं आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता।

Hot Topics

Related Articles