बलौदाबाजार।जिले के ग्राम धाराशिव में आपसी बातचीत को गाली समझने पर चार युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में लवन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाल ईंट का टुकड़ा भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धाराशिव निवासी विवेक कुर्रे ने लवन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्तों के साथ बाजार चौक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बर चौक के पास कुछ युवक बैठे हुए थे।
- बातचीत को समझ लिया गाली, फिर की मारपीट
विवेक और उसके दोस्तों को आपस में बातचीत करते देखकर आरोपियों को लगा कि वे उन्हें गाली दे रहे हैं। इसी बात को लेकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद विवेक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपी ने ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में विवेक के सिर से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
- चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पीड़ित की रिपोर्ट पर लवन थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 118(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने चारों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाल ईंट का टुकड़ा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलेश्वर कुमार चंद्राकर, छबीराम चंद्राकर, मनीष चंद्राकर और दीपेश चंद्राकर के रूप में हुई है। चारों ग्राम धाराशिव के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और मार्गदर्शन में जिले में मारपीट एवं हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।












