चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में दिखा असर, भाटापारा में रातभर बूंदाबांदी; ठंड बढ़ने से अलाव का सहारा

भाटापारा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद भाटापारा में मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो रातभर जारी रही। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई। ठंड बढ़ने से शहर के कुछ स्थानों पर लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकराने की संभावना

मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।

प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री कम रहा। इस तरह दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम बदलने से बढ़ी ठंडक

भाटापारा में बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के बाद सुबह से मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। रात के समय लोगों को गर्म कपड़ों के साथ अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आने वाले समय में मौसम में और बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।

Hot Topics

Related Articles