बलौदाबाजार,प्रदेशभर में अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है।
हड़ताल के तीसरे दिन गुरुवार को जिला मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरीं और रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। आंदोलन के अलग-अलग दिनों में अलग रंग की साड़ी पहनकर विरोध जताने का यह तरीका शहर में चर्चा का विषय रहा।
तीन दिवसीय आंदोलन के तहत पहले दिन कार्यकर्ता पीली साड़ी पहनकर धरने पर बैठीं। दूसरे दिन हरी साड़ी पहनकर थाली और ताली बजाते हुए विरोध दर्ज कराया। वहीं तीसरे दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया गया। दशहरा मैदान से शुरू हुई रैली नया बस स्टैंड और गार्डन चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई। आंदोलन कर रही कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, नियमितीकरण और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा शामिल है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रही महिलाओं को उनके अनुभव और जिम्मेदारियों के अनुरूप सुविधाएं मिलनी चाहिए। सेवानिवृत्ति के बाद प्रत्येक कार्यकर्ता एवं सहायिका को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा ग्रेड के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग की जा रही है।












