छत्तीसगढ़िया समाज के अपमान एवं धमकीपूर्ण बयान के खिलाफ छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने खोला मोर्चा, सिविल लाइन थाना में FIR दर्ज करने की मांग
कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़िया समाज के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक, अभद्र एवं धमकीपूर्ण बयान प्रसारित करने के मामले में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी बिलासपुर ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दिनांक 19 नवंबर 2026 को सिविल लाइन थाना, बिलासपुर में लिखित आवेदन देकर मधुबाला गिरी के विरुद्ध FIR दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
संगठन का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में मधुबाला गिरी द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज को “जाहिल-गंवार” एवं “अनपढ़” कहकर अपमानित किया गया है। इतना ही नहीं, वीडियो में “छह नंबर की चप्पल का निशान गाल पर पड़ेगा” तथा “सामने आने पर पैंट गीली हो जाएगी” जैसे धमकीपूर्ण एवं अपमानजनक शब्दों का भी प्रयोग किया गया है।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि छत्तीसगढ़िया समाज इस माटी का मूल निवासी समाज है। यहां के लोगों की अस्मिता, स्वाभिमान एवं सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर पूरे समाज को अपमानित करने अथवा धमकी देने का अधिकार नहीं है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध FIR दर्ज की जाए तथा कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
संगठन और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान और स्वाभिमान के लिए संगठन हमेशा आवाज उठाता रहेगा। किसी भी समाज के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी एवं धमकीपूर्ण भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।












