देवउठनी एकादशी आज, घर-घर होगा तुलसी विवाह; 21 नवंबर से बजेंगी शहनाइयां

भाटापारा। कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार 20 नवंबर को जिलेभर में परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना के साथ तुलसी विवाह की रस्म निभाई जाएगी। पर्व की तारीख को लेकर इस बार लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कहीं 20 नवंबर तो कहीं 21 नवंबर को एकादशी मनाए जाने की जानकारी सामने आ रही थी। हालांकि स्थानीय पंडितों के अनुसार अंचल में शुक्रवार को ही देवउठनी एवं प्रबोधिनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा।

बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़

देवउठनी एकादशी को लेकर गुरुवार को शहर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। दीपावली के बाद से सुस्त पड़े बाजारों में एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई। पर्व की तैयारियों को लेकर पूजा सामग्री और पारंपरिक खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

गन्ना, डांगकांदा, शकरकंद, सिंघाड़ा, बेर सहित पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्रियों की जमकर खरीदारी हुई। खासकर गन्ना खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। घरों में तुलसी विवाह की तैयारियों को लेकर भी उत्साह देखा गया।

21 नवंबर से शुरू होगा विवाह का सीजन

देवउठनी एकादशी को मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसी क्रम में 21 नवंबर से क्षेत्र में विवाह समारोहों की रौनक बढ़ने और शहनाइयां बजने का दौर शुरू होगा।

Hot Topics

Related Articles