भाटापारा।मौसम में ठंड की दस्तक के साथ ही क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। शाम ढलते ही मच्छरों का आतंक इस कदर बढ़ जाता है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। बढ़ती ठंड के बावजूद लोग मच्छरों से बचाव के लिए क्वाइल, मच्छरदानी और रिपेलेंट का सहारा लेने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक-दो सप्ताह में मच्छरों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है। जलजमाव, नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने और आसपास फैली गंदगी को मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बताया जा रहा है। स्थिति यह है कि रात के समय बच्चों और बुजुर्गों को भी मच्छरों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों की रातों की नींद प्रभावित हो रही है।
फॉगिंग नहीं होने से लोगों में नाराजगी
लोगों का कहना है कि मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई विशेष फॉगिंग अभियान शुरू नहीं किया गया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द फॉगिंग कराने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
डेंगू-मलेरिया का बढ़ सकता है खतरा
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते मच्छरों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने जलजमाव वाले स्थानों की सफाई, नियमित दवा छिड़काव और मच्छरों के लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए।












