रिपोर्ट: जियाउल खान, सरगुजा, लखनपुर विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुमगराकला में पिछले एक महीने से आयुष्मान भारत योजना का संचालन पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इसके चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने आने वाले मरीजों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आयुष्मान भारत योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना है, जिसके तहत पात्र एपीएल एवं बीपीएल परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना के माध्यम से कई गंभीर एवं सामान्य बीमारियों का इलाज निःशुल्क किया जाता है। लेकिन गुमगराकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले एक महीने से यह सुविधा पूरी तरह बंद है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. देवेंद्र सिंह शिव ने बताया कि आयुष्मान कार्ड ऑपरेटर ने निजी कारणों से जुलाई माह में कार्य छोड़ दिया, जिसके बाद से योजना का संचालन प्रभावित हो गया। इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी प्रसाद को लिखित सूचना भेजी जा चुकी है। अस्थायी रूप से एक PADA को अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, लेकिन अनुभव के अभाव में वह कार्य नहीं संभाल सका।
अस्पताल में वर्तमान में केवल ओपीडी के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। भर्ती योग्य मरीजों, प्रसव सेवाओं तथा अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गुमगराकला सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में आयुष्मान सेवा बंद होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द नए ऑपरेटर की नियुक्ति कर आयुष्मान सेवा पुनः शुरू कराने की मांग की है, ताकि पात्र मरीजों को इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ समय पर मिल सके।






