संदीप यादव मुंगेली। अटल परिसर में आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बार-बार जनता द्वारा ठुकराए जाने के बाद अब कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने पर आमादा हो गई है।
श्री पांडे ने कहा कि लगभग सौ बार चुनाव हार चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी बौखलाहट में लगातार संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुटे हैं। वे चुनाव आयोग और देश से बिना शर्त माफी मांगें। मुख्य चुनाव आयुक्त सहित तीनों आयुक्तों के संयुक्त बयान ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के भ्रामक और मनगढ़ंत दावों का पर्दाफाश कर दिया है।
एसआईआर समेत सभी निर्णय तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। श्री पांडे ने कहा कि जिन विषयों को लेकर विपक्ष दुष्प्रचार कर रहा है, उन पर सुप्रीम कोर्ट पहले ही अपनी मुहर लगा चुका है। इसके बावजूद चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा का प्रतीक है। जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो प्रक्रिया सही होती है, लेकिन हारते ही ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगाने लगती है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को मिली जीत भी इसी ईवीएम प्रक्रिया से ही हुई थी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, गिरीश शुक्ला, सुनील पाठक, रामशरण यादव, सौरभ बाजपेयी, महावीर सिंह, मन्नू श्रीवास्तव, संदीप सिंह एवं विजय यादव सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने दी।








