रायपुर। गोवा के अटल एथलेटिक्स स्टेडियम में 27 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित 37वीं वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 40 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने 116 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। राज्य के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 18 रजत और 12 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में गुजरात, गोवा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित छह राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में लगभग 3500 खिलाड़ियों ने अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, पैदल चाल और भाला फेंक जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में तिलक बर्सेल (100 मीटर दौड़), आदित्य कुमार (800 मीटर दौड़), निखिल वर्मा (लंबी कूद), रोहित वेडेंजा (ऊंची कूद), दिनकर (5000 मीटर पैदल चाल), हर्ष निषाद (1500 मीटर दौड़), अनुराग एक्का (5000 मीटर पैदल चाल), मुकुंद वर्मा (लंबी कूद), नितेश मडियम (किड्स भाला फेंक) और मान्यता (ऊंची कूद) शामिल हैं।
रजत पदक विजेताओं का प्रदर्शन
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में तिलक बर्सेल (लंबी कूद), बी. गणेश (400 मीटर दौड़), श्याम दुबे (5000 मीटर पैदल चाल), योगेंद्र सिंह (110 मीटर बाधा दौड़), सुमित साहू (5000 मीटर पैदल चाल), शौर्य अग्रवाल (भाला फेंक), दर्शनिका मिश्रा (100 मीटर दौड़, 20 वर्ष वर्ग), किरण ध्रुव (100 मीटर दौड़, 18 वर्ष वर्ग), पूनम (भाला फेंक), तान्या केंवट (400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़), हर्षा साहू (800 मीटर दौड़) और मनकुराम मुरामी (किड्स भाला फेंक) शामिल हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ की 18 वर्ष बालक एवं बालिका रिले टीमों ने भी रजत पदक प्राप्त किया।
अन्य खिलाड़ियों ने भी जीते पदक
प्रतियोगिता में तिलोक चंद (5000 मीटर दौड़), प्रांजल यादव (1500 मीटर दौड़), अभिषेक कुमार (400 मीटर दौड़), दंतेश्वरी (600 मीटर दौड़), रानू भोगामी (400 मीटर दौड़), किरण ध्रुव (लंबी कूद), पायल मार्कंडेय (5000 मीटर पैदल चाल), देवानंद साहू (200 मीटर दौड़), दर्शनिका मिश्रा (200 मीटर दौड़), आलोक सागर (1000 मीटर दौड़), राकेश सिंह (3000 मीटर स्टीपलचेज), पूनम राज (भाला फेंक), सिद्धार्थ नागेश एवं अनंत कुमार साव (गोला फेंक), संदीप पोर्ते (हेप्टाथलॉन), कृष्णपाल सिंह एवं वीरेंद्र ध्रुव (रिले रेस) तथा मनीष साहू (मिड डे रेस) ने भी पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
कोच एवं मैनेजर की रही अहम भूमिका
इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 102 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन में कोच एवं मैनेजर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। दल के मुख्य प्रबंधक सुदर्शन सिंह थे। उनके साथ अनिरुद्ध, हिमांशु चंद्राकर, स्नेह यादव, पायल दिल्लीवार, सुनिति निषाद, संदीप कुमार और कपिल चौधरी ने दल के संचालन एवं खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में योगदान दिया।
खेल जगत ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जी.एस. बामरा, परविंदर सिंह, आदित्य सिंह ठाकुर, रविशंकर धनगर, नीता डुमरे, रीतिका यादव, टी. निंगराज रेड्डी, सुदर्शन सिंह, अनिरुद्ध सुना, दीपक पटेल, सुनील नायर, दिनेश तांडी, हिमांशु चंद्राकर, कपिल, आशीष जायसवाल, तुलसी साहू और पोमन लाल तारक सहित छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स से जुड़े अनेक लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।








