छत्तीसगढ़ में मानसून पड़ा सुस्त! धूप-उमस से बेहाल लोग, बुधवार से फिर बारिश के आसार

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी हो गई है। सोमवार को कई इलाकों में धूप निकलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी मौसम में बड़े बदलाव के आसार कम हैं, हालांकि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

प्रदेश में अब तक की मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है, लेकिन सामान्य की तुलना में 5 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।

सोमवार को इन इलाकों में हुई बारिश

सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी (बलरामपुर) में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, जबकि कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) और नानगुर (बस्तर) में 2-2 सेमी बारिश हुई।

वहीं वाड्रफनगर (बलरामपुर), गादीरास (सुकमा), अमलीपदर (गरियाबंद), बस्तर और बकावंड (बस्तर), पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) तथा गंगालूर (बीजापुर) में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।


  •  अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।

इसके बाद अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

Hot Topics

Related Articles