मुंगेली के करुंम्पान पंचायत में विकास कार्यों पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जनपद CEO से की निष्पक्ष जांच की मांग

मुंगेली।जिले की ग्राम पंचायत करुंम्पान में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की राशि के उपयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सरपंच और सचिव के कार्यों पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए उप सरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा सौंपी गई शिकायत में 1 मार्च 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के दौरान पंचायत में संचालित योजनाओं, वित्तीय लेन-देन और विकास कार्यों की जांच का आग्रह किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के लिए स्वीकृत राशि का उपयोग किस तरह हुआ है और जमीनी स्तर पर कार्य की वास्तविक स्थिति क्या है, इसका मिलान कराया जाना जरूरी है।

शिकायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए कार्यों पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ कार्यों के भुगतान में लगी बिल-वाउचर की सत्यता की जांच होनी चाहिए। आशंका जताई गई है कि फर्जी बिलों के आधार पर भुगतान की संभावना को भी देखा जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित भुगतान अभिलेख, बैंक लेन-देन, कार्य स्वीकृति आदेश और निर्माण कार्यों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ गांव में अधिकारियों की टीम भेजकर भौतिक सत्यापन कराया जाए।

इसके अलावा पंचायत की बैठकों को लेकर भी शिकायत में बिंदु उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत की नियमित बैठकें और उनमें लिए गए निर्णयों के अभिलेखों, बैठक पंजी और प्रस्ताव पंजी की भी जांच कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर मुंगेली को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दस्तावेजी जांच के साथ मौके पर कार्यों का सत्यापन कराया जाए और यदि जांच में कोई अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई हो।

फिलहाल प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी है। जांच के बाद ही पंचायत के विकास कार्यों और वित्तीय अभिलेखों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नोट-यह समाचार ग्रामीणों द्वारा सौंपी गई लिखित शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। सरपंच और सचिव पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी ।

Hot Topics

Related Articles