107 वर्ष पुरानी भाटापारा की रामलीला को भव्य स्वरूप देने पर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा
पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में आदर्श रामलीला नाटक मंडली समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात
भाटापारा। भाटापारा की 107 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर आदर्श रामलीला नाटक मंडली समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान भाटापारा की ऐतिहासिक रामलीला परंपरा को और अधिक भव्य, दिव्य एवं आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि आदर्श रामलीला नाटक मंडली समिति विगत 107 वर्षों से निरंतर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करती आ रही है। यह रामलीला भाटापारा की विशिष्ट पहचान होने के साथ ही क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। एक सदी से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इस गौरवशाली परंपरा को संरक्षित एवं संवर्धित करने तथा रामलीला मंचन को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त कर और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को आत्मीयता एवं गंभीरता से सुना और इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मंडली के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, सचिव कोमल शर्मा, सहसचिव बजरंग लाल चौरसिया एवं कोषाध्यक्ष संदीप (मोनू) मल उपस्थित रहे।
आदर्श रामलीला नाटक मंडली समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं पूर्व विधायक तथा वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शिवरतन शर्मा के प्रति सहयोग, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक पहल के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस ऐतिहासिक रामलीला परंपरा को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करने के प्रयासों से भाटापारा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता रहेगा।







