जिले के 185 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन सम्मानित

माताओं को दी गई पोषण संबंधी जानकारी, बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

बलौदाबाजार, । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 25 सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के 185 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माताओं ने भी सहभागिता की, जिन्हें बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पौधरोपण सहित बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही रंगोली सजाने, कहानी सुनाने, खेलकूद, चित्रकारी और रंग भरने जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों के सुपोषण, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर दिया। साथ ही बच्चों के समुचित विकास के लिए परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से समुदाय को जोड़ना, माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

Hot Topics

Related Articles