कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन सम्मानित, माताओं को दी गई पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
बलौदाबाजार, । सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के 185 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माताओं ने भी सहभागिता की, जिन्हें बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पौधरोपण किया गया। बच्चों के लिए खेल-कूद, कहानी सुनाने, चित्रकारी और रंग भरने जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, केंद्रों में रंगोली सजाकर उत्साहपूर्ण माहौल बनाया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित किया गया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया जोर

कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की निगरानी जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। माताओं को बच्चों के समुचित पोषण, संतुलित आहार और बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और समुदाय की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने दी शासन की योजनाओं की जानकारी
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों के सुपोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से समुदाय की सहभागिता बढ़ाना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के बेहतर विकास के लिए जागरूकता को प्रोत्साहित करना रहा।








