डिंडौरी में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, ललिता मार्को बरकरार

संदीप यादव लोरमी/मुंगेली।ग्राम पंचायत डिंडौरी की राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर टल गया। सरपंच ललिता नरेश मार्को के खिलाफ पंचों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आवश्यक बहुमत नहीं जुटा पाने के कारण खारिज हो गया।

जनपद पंचायत लोरमी के अंतर्गत आने वाली डिंडौरी पंचायत में इस प्रस्ताव पर मतदान के लिए विशेष बैठक बुलाई गई थी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार शांतनु तारम को पीठासीन अधिकारी बनाया गया था। उनकी मौजूदगी में पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान पंचायत इंस्पेक्टर रामकुमार पात्रे, सचिव कुशराम पटेल, पटवारी संतोष राज सहित पुलिस जवान भी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि कुल 21 पंचों में से 20 पंचों ने अपने मत का प्रयोग किया, एक पंच अनुपस्थित रहा। मतगणना में अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 11 वोट पड़े, जबकि 8 पंचों ने प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया। एक मत को निरस्त कर दिया गया। नियमानुसार प्रस्ताव को पारित होने के लिए जरूरी आंकड़ा नहीं मिल सका।

नतीजे के बाद यह तय हो गया कि ललिता मार्को ही सरपंच पद पर बनी रहेंगी।

फैसले के बाद सरपंच ललिता मार्को ने कहा कि कठिन समय में साथ देने वाले सभी पंचों, पूर्व सरपंच संजीव शर्मा और गांव के लोगों का मैं दिल से धन्यवाद करती हूं। पंचायत के विकास के लिए मैं पूरी ईमानदारी से काम करती रहूंगी।

Hot Topics

Related Articles