रायपुर। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री संजू नारायण सिंह ठाकुर के आह्वान पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 6 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में लगभग 20 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा।जिसमे सांसद,विधायक व क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित होंगे।
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह ठाकुर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सभी जिला संयोजकों एवं जिला प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित, संगठन निर्माण और जनसेवा के आदर्शों से प्रेरित रहा है। उनकी जयंती के अवसर पर वृक्षारोपण कर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा तथा समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश देगा।
उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेशभर में आयोजित होने वाला यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
उक्त जानकारी भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल बाघ ने दी






