रायपुर (छत्तीसगढ़): प्रदेश के महत्वाकांक्षी ‘स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों’ (SAGES) में चल रही संविदा शिक्षक भर्ती की चयन सूची जारी होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 1812 पदों के लिए हुई इस केंद्रीकृत भर्ती परीक्षा में न्यूनतम कट-ऑफ (Minimum Qualifying Marks) तय न होने के कारण महज 6 से 9 अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का भी चयन हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा प्रदेश भर के आत्मानंद स्कूलों में 26 विषयों के 1812 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक परीक्षा आयोजित की गई थी। परिणाम जारी होने और दस्तावेज सत्यापन (DV) के बाद जो चयन सूची सामने आई है, उसने सबको चौंका दिया है। 100 अंकों की इस परीक्षा में आरक्षित वर्ग और रोस्टर की बाध्यता के चलते 6.25, 8 और 9.25 अंक लाने वाले उम्मीदवारों को भी नियुक्ति के लिए पात्र मान लिया गया है।

• लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा जारी चयन सूचियों में इसके स्पष्ट प्रमाण मिले हैं। बस्तर संभाग में सहायक शिक्षक (ST वर्ग) के पद पर एक अभ्यर्थी का चयन 6.25 अंक पर हुआ है, जबकि नारायणपुर के प्राथमिक विद्यालय के लिए सहायक शिक्षक (SC वर्ग) की सूची में 9.25 अंक पाने वाली अभ्यर्थी को नियुक्ति के लिए चुना गया है। इसी तरह सूरजपुर में अंग्रेजी विषय (ST वर्ग) के लिए 10 अंक पाने वाले उम्मीदवार का चयन हुआ है।
योग्य अभ्यर्थियों में नाराजगी
चयन सूची सामने आने के बाद परीक्षा में 80 से 92 अंक तक स्कोर करने वाले कई अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। उम्मीदवारों और शिक्षाविदों का कहना है कि अंग्रेजी माध्यम के इन उत्कृष्ट स्कूलों में जब एकल अंक (Single Digit) लाने वाले शिक्षक बच्चों को पढ़ाएंगे, तो शिक्षा की गुणवत्ता का क्या होगा। सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया और नियमों पर सवाल उठा रहे हैं।
विभाग का पक्ष और नियम
अधिकारियों के अनुसार, भर्ती विज्ञापन में किसी प्रकार के न्यूनतम उत्तीर्णांक (कट-ऑफ) का प्रावधान नहीं रखा गया था। आरक्षण रोस्टर और विषयवार उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की गई है। कई आरक्षित श्रेणियों में कम आवेदन या कम अंक आने के कारण नीचे की मेरिट वाले अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है।
फिलहाल, विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के बाद नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं, लेकिन कम अंकों पर हुए चयन को लेकर प्रदेश भर में बहस तेज हो गई है।












